बनभूलपुरा पुलिस की गिरफ्त में मोबाइल झपटने का आरोपी।
हल्द्वानी। बरेली रोड में पैदल घर की ओर जा रहे एक युवक से बाइक सवार युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गया। पुलिस ने झपटमार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर एक नाबालिग से मोबाइल बरामद किया है। नाबालिग ने 17 हजार कीमत का मोबाइल तीन हजार में खरीदा था। पुलिस नाबालिग को भी किशोर न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
बनभूलपुरा थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में उजाला नगर वार्ड नंबर 28 निवासी रमाकांत साहू का कहना था कि नौ जनवरी को वह बरेली रोड से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। अपोलो टायर एजेंसी के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उसका मोबाइल झपटा और मौके से फरार हो गया। ललित की तहरीर पर बनभूलपुरा थाना प्रभारी सुशील कुमार ने एक टीम गठित कर झपटमार की सुरागकशी की। और मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को इंद्रानगर निवासी फैसल को इंद्रानगर रेलवे क्रासिंग से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में फैसल ने इंद्रानगर छोटी सड़क निवासी एक नाबालिग को झपटा हुआ मोबाइल बेचने की बात कबूली।
सुशील कुमार ने बताया कि झपटे हुए मोबाइल की कीमत 17 हजार रुपये थी जिसे नाबालिग ने तीन हजार रुपये में फैसल से खरीदा था। फैसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। लूट का मोबाइल खरीदने के आरोप में नाबालिग को भी किशोर न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। साथ ही पुलिस ने दुकान मालिक का भी 83 पुलिस एक्ट के तहत दस हजार रुपये का चालान किया है। फैसल से झपटमारी के चार और फोन भी बरामद हुए हैं जिन्हें तस्दीक करने के बाद उनके मालिकों को सौंपा जाएगा। फैसल को पूर्व में भी लूट के एक मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में भेजा गया था।