हल्द्वानी। एसएससी की परीक्षा देने आए एक छात्र का मोबाइल जेब से चोरी कर लिया गया जबकि दूसरे छात्र का फोन छीनकर उचक्का फरार हो गया। 24 और 25 जुलाई को हुई घटना में थाना काठगोदाम ने मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी नाबालिग है।
राजस्थान के सीकर के ग्राम रतननगर निवासी युवराज सैनी ने तहरीर में कहा कि वह बीती 24 जुलाई को एसएससी का पेपर देने के लिए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से हल्द्वानी पहुंचा और प्लेटफार्म नंबर एक पर उतर गया। देर रात करीब ढाई बजे अज्ञात ने उसकी जेब से मोबाइल फोन चुरा लिया। वहीं अरविंद कुमार यादव निवासी बिहार ने कहा कि वह भी एसएससी 17 की परीक्षा देने के लिए 25 जुलाई को हल्द्वानी आया था। उसी दिन शाम को वह प्लेटफार्म के अंतिम छोर स्थित बेंच पर बैठकर किसी परिचित से फाेन से बात कर रहा था तभी एक युवक मोबाइल छीनकर भाग गया। जीआरपी थानाध्यक्ष नरेश कोहली ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग है और नशे का आदी है। वहीं युवराज की जेब से मोबाइल चुराने वाले जीवन सिंह बिष्ट निवासी अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों से मोबाइल बरामद हो गया है।