लंबे समय से स्थायीकरण की बाट जोह रहे एलटी संवर्ग के शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। विभाग की अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) कुमाऊं सुषमा सिंह की ओर से कुमाऊं मंडल के 567 शिक्षकों को स्थायी कर दिया गया है। इन शिक्षकों में सबसे अधिक 161 पिथौरागढ़ जबकि सबसे कम 37 चंपावत जिले के हैं। विभाग की ओर से स्थायीकरण की सूची मंडलभर के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई है।
बता दें एलटी शिक्षकों के साथ ही लंबे समय से राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों की ओर से भी एलटी शिक्षकों की स्थायीकरण सूची जारी करने की मांग को लेकर लगातार विभागीय उच्चाधिकारियों से आग्रह किया जा रहा था। इतना ही नहीं कई बार अधिकारियों को इसे लेकर ज्ञापन भी दिए गए।
कुमाऊं मंडल में स्थायी किए गए 537 शिक्षकों में से पुरुष संवर्ग के 484 और महिला संवर्ग के 83 शिक्षिकाएं शामिल हैं। अपर शिक्षा निदेशक सुषमा सिंह ने बताया कि नैनीताल जिले में पुरुष संवर्ग के 105 तथा महिला संवर्ग के 35, ऊधमसिंह नगर जिले में पुरुष संवर्ग में 48 तथा महिला संवर्ग में 16, चंपावत जिले में पुरुष संवर्ग में 34 व महिला संवर्ग में 3, अल्मोड़ा जिले में पुरुष संवर्ग में 94 व महिला संवर्ग में 15, पिथौरागढ़ जिले में पुरुष संवर्ग में 150 तथा महिला संवर्ग में 11 जबकि बागेश्वर जिले में पुरुष संवर्ग में 50 तथा महिला संवर्ग में 5 शिक्षकों स्थायी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्थायीकरण की सूची मंडलभर के जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई है। बता दें कि विभाग के मंडलीय दफ्तर में बीते तीन माह से भी अधिक समय से विभागीय अधिकारी व कर्मचारी शिक्षकों की स्थायीकरण के मामले में होम वर्क करने में जुटे हुए थे। स्थायीकरण सूची जारी होने पर राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने खुशी जताई है।
फोटो सहित 21एनटीएल 01पी से