हल्द्वानी। विधायक सुमित हृदयेश ने शनिवार को अपने आवास पर बैठक की। लोगों ने अधूरे पड़े विकास कार्य, पेयजल, सड़क, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट, सीवर व्यवस्था को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने बैठक में मौजूद यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह के साथ वार्ता कर लंबित और अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र गति देने और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने कहा कि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का संतुलित और समुचित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। बैठक में वार्ड 34, 35, 36, 37, 48, 49 और 50 से महेशानंद, शंकर लाल कमांडो, ऋशु, जगदीश भारती, खीमानंद पांडे, लक्ष्मीकांत, संजू उप्रेती, मन्नू गोस्वामी, बच्ची सिंह बोरा, महेंद्र सिंह, जीवन गिरी गोस्वामी, एनबी गुणवंत, नवीन पांडेय आदि मौजूद रहे।