हल्द्वानी एमबी कॉलेज पुस्तकालय से पुस्तकें लेनें के लिए लगी छात्राओं की लाइन। अमर उजाला
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश सत्यापन और कुमाऊं विश्वविद्यालय के पोर्टल पर परीक्षा आवेदन फार्म भरने में आ रही दिक्कतों का खामियाजा छात्रों को 500 रुपये विलंब शुल्क जमा करके भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित में इतना जरूर किया कि 23 फरवरी को परीक्षा आवेदन फार्म भरने पर लिए जाने वाले 2000 रुपये विलंब शुल्क को कम कर 500 रुपये ही रखा। विलंब शुल्क के साथ भी परीक्षा आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि भी 24 फरवरी तय है इसके बाद कोई छात्र परीक्षा फार्म नहीं भर सकेगा जिसके कारण वे परीक्षा नहीं दे सकेंगे।
ऑनलाइन प्रवेश का सत्यापन कार्य देरी से होने के कारण विश्वविद्यालय को परीक्षा आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 10 फरवरी से बढ़ाकर 2020 फरवरी करनी पड़ी लेकिन 16 फरवरी के बाद कुमाऊं विवि के पोर्टल में तकनीकी दिक्कतें आने के कारण छात्र परीक्षा फार्म भरने के लिए परेशान रहे। काफी संख्या में छात्र परीक्षा फार्म नहीं भर सके। पोर्टल दुरुस्त हुआ तो 20 फरवरी अंतिम तिथि निकल गई। इसके बाद 21 फरवरी से 500 रुपये विलंब शुल्क लगने लगा। यह विलंब शुल्क 23 फरवरी से 2000 रुपये लिया जाना था लेकिन स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्रों को अंतिम वक्त में कुमाऊं विश्वविद्यालय ने कुछ राहत दी है। छात्र अब बुधवार को भी 500 रुपये विलंब शुल्क जमा कर परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
छात्रनेता सूरज भट्ट, कमलेश भट्ट, निहित नेगी, मुकेश कुलौरा, संस्कार रस्तोगी आदि छात्रनेता प्रवे सत्यापन में देरी और पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण बिना विलंब शुल्क के परीक्षा आवेदन फार्म भरे जाने की मांग को लेकर कॉलेज में हंगामा भी किया था। प्रभारी प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने भी कुमाऊं विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एचसीएस बिष्ट से विलंब शुल्क कम किए जाने का अनुरोध किया था।
साढ़े 10 हजार विद्यार्थियों ने भरा परीक्षा फार्म
कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एचसीएस बिष्ट ने बताया कि अब तक एमबीपीजी कॉलेज के स्नातक और स्नातकोत्तर में पंजीकृत साढ़े 10 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा फार्म भर चुके हैं। जो विद्यार्थी रह गए हैं वे परीक्षा फार्म 24 फरवरी तक हर हाल में भर लें, इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा।
17 छात्रों की सूची सौंपी
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में सोमवार को हंगामा करने वाले छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को ऐसे 17 छात्रों की सूची सौंपी है जिनके प्रवेश सत्यापन न होने के कारण वे परीक्षा आवेदन फार्म समय से नहीं भर सके। प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि सूची में दो छात्रों का प्रवेश सत्यापन के बाद परीक्षा फार्म भी भरा जा चुका है।