लालकुआं। कड़ाके की सर्दी में गौला नदी से खनन सामग्री लेने जा रहे खनन व्यवसायी की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। युवा व्यवसायी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। खनन व्यवसायियों और वन निगम ने शोक स्वरूप लालकुआं गेट की निकासी बंद रखी।
गौला नदी से खनन निकासी करने वाले वाहन चालक अपने वाहनों को तड़के गौला गेट के आसपास नंबर में लगा देते हैं। बिंदुखत्ता संजयनगर प्रथम गौला गेट निवासी रणजीत सिंह मेहरा (35) पुत्र बलवंत सिंह मेहरा सोमवार को रोजाना की तरह ट्रैक्टर ट्रॉली गौला गेट के समीप लगाकर दूसरे डंपर में बैठकर गाड़ी के गेट के भीतर जाने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान अचानक उनके सीने में दर्द हुआ और अचानक हृदय गति रुकने से उसका निधन हो गया। डंपर में बैठे-बैठे खनन व्यवसायी रणजीत सिंह की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसर गया। अविवाहित रणजीत चार भाई-बहनों में छोटा था। खनन व्यवसायियों ने सर्दी के बावजूद वन विकास निगम पर खनन कार्य करने वाले व्यवसायियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अलाव जलाने की मांग की है।