हल्द्वानी। गौला नदी और नंधौर नदी में खनिज निकासी की मात्रा तय हो गई है। इसके अलावा वन निगम ने पहले चरण में दोनों नदियों में आठ गेट से इलेक्ट्रानिक धर्म कांटे के माध्यम से निकासी की व्यवस्था को शुक्रवार से शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है।
नदियों खनिज निकासी मात्र का आकलन के लिए भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान की टीम मानसून के बाद आयी थी, इसके बाद से संस्थान की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। अब इसकी रिपोर्ट आ गई है। वन निगम के डीएलएम धीरेश बिष्ट ने बताया कि गौला नदी में 3819464 घनमीटर और नंधौर नदी में 514307 घनमीटर खनिज निकासी की रिपोर्ट मिली है। संस्थान की रिपोर्ट के आधार निकासी होगी। इसके अलावा गौला नदी (11 गेट) में शीशमहल, आंवला चौकी, राजपुरा और गोरा पड़ाव गेट पर इलेक्ट्रानिक धर्मकांटे लगाने का काम पूरा हो गया है। यहां से कांटे के माध्यम से निकासी होगी। इसके अलावा नंधौर नदी में भी चार इलेक्ट्रानिक धर्मकांटे लगाने का काम पूरा हो चुका है। एक गेट पर काम चल रहा है। क्रम से सभी गेटों को जल्द से जल्द तैयार करने का प्रयास है। ज्ञात हो कि डंपर स्वामियों ने इलेक्ट्रानिक धर्म कांटे पर तुलाई के बाद खनिज निकासी की मांग उठाई थी।