जंगलों में लगी आग को बुझाने का काम रविवार तड़के शुरू हो गया। एमआई-17 हेलीकाप्टर ने सुबह छह बजे भीमताल झील से पानी लाकर आल्माखान स्नोव्यू क्षेत्र में लगी आग को बुझाया। इसके बाद दिन भर यह हेलीकाप्टर अलग-अलग स्थानों पर लगी आग को बुझाने में लगा रहा।
डीएम दीपक रावत के निर्देशन में पहले रिहायशी इलाकों में लगी आग को बुझाया जा रहा है। ताकि किसी प्रकार को कोई जनहानि न हो। एयर फोर्स के विंग कमांडर वीके सिंह समेत सात सदस्यीय दल एमआई-17 के साथ जंगल की आग बुझाने के लिए नैनीताल पहुंचा है। डीएम रावत ने कहा कि आग बुझाने में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। डीएम ने कहा कि दावाग्नि को बुझाने के लिए एक और हेलीकाप्टर हल्द्वानी कैंट से मंगाया गया है।
उन्होंने बताया कि अब दोनों हेलीकाप्टर हल्द्वानी कैंट से ही उड़ान भरकर आग बुझाएगा। रविवार को हेलीकाप्टर ने भीमताल झील से पानी भरकर आल्माखान के अलावा किलबरी, नलेना, ज्योलीकोट, ओखलकांडा, रामगढ़, धारी, भीमताल, खुर्पाताल में आग बुझाई। इस दौरान सीडीओ ललित मोहन रयाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान, तहसीलदार नंदलाल, क्रू के सदस्य पायलट आशीष राजपूत, रवि चौधरी, एसबी सिंह आदि मौजूद थे।