रामनगर। हर साल 1 से 7 अक्तूबर तक चलने वाले वन्यजीव प्राणी सप्ताह का शुभारंभ साइकिल रैली के साथ किया। इसके बाद ढिकुली स्थित वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी में वन्यजीवों के चित्र वाली पोशाक पहनकर स्कूली बच्चों ने वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। पार्क निदेशक ने मानव वन्यजीव संघर्ष कम करने के प्रति जागरूक किया।
बुधवार सुबह सात बजे कॉर्बेट के कार्यालय से विधायक दीवान सिंह बिष्ट व पार्क निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। पार्क निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि हर साल वनों और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए वन्यजीव प्राणी सप्ताह मनाया जाता है। इसमें हर दिन अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाता है। इस दौरान पार्क उपनिदेशक राहुल मिश्रा, अमित ग्वासीकोटी, बिंदर पाल, गणेश रावत, मदन जोशी, नवीन चंद्र पांडे, दीपक रजवार आदि मौजूद रहे।