भीमताल (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक में शुक्रवार को बीडीसी की बैठक हुई। इसमें शामिल प्रभारी डीएम/सीडीओ प्रकाश चंद्र ने कहा कि खाद्य निरीक्षक पर लगे लापरवाही के आरोपों की जांच होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बीडीसी बैठकों में उठने वाली जनसमस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए हल कराएं। उन्होंने सतबूंगा लिफ्ट योजना से लोधिया तोक को नई पेयजल लाइन देकर पेयजल उपलब्ध कराने, अनुसूचित जाति बहुल भियालगांव के लिए एससीपी योजना में प्रस्ताव तैयार कराने के भी निर्देश दिए।
सीडीओ ने श्यामखेत-घोड़ाखाल सड़क के नवीनीकरण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने, रामगढ़ ब्लॉक क्षेत्र का पूरा सर्वे कर जीर्णशीर्ण पोल क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, झूलते तारों को ठीक करने की योजना बनाने के भी निर्देश दिए। कहा कि खैरना-सुयालबाड़ी सड़क बंद होने पर वैकल्पिक रूप से भवाली-रामगढ़-मौना सड़क का प्रयोग किया जाता है। इसलिए इसका विशेष अनुरक्षण कर क्रैश बैरियर स्पीड ब्रेकर, साइनेज लगाने का प्रस्ताव बनाने को कहा। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाया तो सीडीओ ने शिकायत की जांच के निर्देश दिए।
जिलापूर्ति अधिकारी को सभी प्रकार के राशनकार्डों को आधार से लिंक कर ऑनलाइन कराने के लिए सोमवार को शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा, होम स्टे योजना, स्टार्ट अप योजना, शौचालय, स्वच्छ भारत मिशन आदि की जानकारियां भी दी। कहा कि सभी विद्यालयों में शौचालय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग टैंक भी मनरेगा से बनाए जाएंगे। ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों से तालमेल बनाकर विकास कार्य करवाने को कहा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत की कई समस्याएं उठाईं। प्रभारी डीएम ने अधिकारियों को इनका समाधान करने को कहा। बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख कमला डालाकोटी, कनिष्ठ उपप्रमुख भावना डालाकोटी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्कर नयाल, परियोजना निदेशक बालकृष्ण, सीवीओ पीसी कांडपाल, डीएसओ टीएन उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला, ईई इंद्रलाल, बीसी पाल, डीईओ एचएल गौतम, गोपाल स्वरूप आदि थे।