भीमताल (नैनीताल)। नारायण स्वामी राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्रों और अभिभावकों ने शुक्रवार को तीन घंटे तक ब्लॉक परिसर में नारेबाजी की। इसके चलते बीडीसी बैठक घंटों तक बाधित रही। प्रभारी डीएम के रूप में सीडीओ प्रकाश चंद्र ने इसे अनुशासनहीनता माना और कॉलेज के प्रधानाचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। राइंका में प्रधानाचार्य समेत कई विषयों के शिक्षकों के पद खाली हैं।
अभिभावकों ने कई बार पद भरने की मांग की। करने के बाद भी जब उक्त पदों पर स्थायी प्रधानाचार्य, शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई। इससे अभिभावक खासे गुस्से में हैं। शुक्रवार को कॉलेज के सैकड़ों छात्र और उनके अभिभावक सुबह साढ़े नौ बजे के करीब नारेबाजी करते हुए ब्लॉक सभागार के पास पहुंचे। बीडीसी बैठक शुरू होने के बाद भी छात्र अपनी उक्त मांगों को लेकर नारेबाजी और सभा करते रहे।
इससे बीडीसी बैठक बाधित होती रही। इससे नाराज प्रभारी डीएम/सीडीओ बीडीसी बैठक से उठकर आंदोलित छात्रों के बीच पहुंचे, तो अभिभावक संघ ने इन मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अभिभावकों, छात्रों को शीघ्र ही इस संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन पढ़ाई के समय छात्रों के ब्लॉक पहुंचने को अनुशासनहीनता भी माना। उन्होंने इसके लिए कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य संत कुमार दुबे को जिम्मेदार माना।
इसलिए आयुक्त और शिक्षा सचिव से उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति की। प्रभारी डीएम का कहना था कि प्रधानाचार्य दुबे का छात्रों पर कोई नियंत्रण नहीं था। इसी कारण वह कक्षा छोड़कर ब्लॉक पहुंचे। बाद में प्रभारी डीएम ने प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ तल्ला और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ मल्ला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।