रामगढ़ ब्लाक की क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक मंगलवार को ब्लाक सभागार में डीएम दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्कूल भवन समेत कुल 71 समस्याएं उठाई गईं। इनमें से 59 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। डीएम ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को चेताया कि वह अपने कार्यों के प्रति गंभीर रहें और ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराएं।
बैठक में लोसज्ञानी गांव में प्राथमिक विद्यालय के क्षतिग्रस्त होने, हरतोला स्थित हाईस्कूल में शौचालय के बंद रहने का मुद्दा उठा, जिस पर डीएम ने डीईओ (बेसिक) को निर्देश दिए कि सभी प्राथमिक और जूनियर स्कूलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें। प्राथमिक विद्यालय काफली, प्यूड़ा व भियालगांव में शौचालयों के जीर्णशीर्ण होने, पानी की टंकी टूटी होने, सतबूंगा कन्या जूनियर हाईस्कूल निर्माण में गुणवत्ता पर ध्यान न देने और शिक्षकों की कमी का मामला भी उठा। डीएम ने 10 दिन के भीतर संबंधित एकल शिक्षक वाले स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए। ग्रामसभा सतौली, गहना, सनेड़ी, लोसज्ञानी, हरतौला में बिजली के तारों के झूलने और खराब पोलों को बदलने की मांग की गई। इस पर विधायक दान सिंह भंडारी ने विधायक निधि से 50 बिजली के पोल पोल देने की घोषणा की।
जनप्रतिनिधियों ने लोसज्ञानी, बहरोली, सतौली, सिमायल, थानदेवी, सुयालगांव, कफू़ड़ा, सतूना आदि गांवों में पेयजल समस्या को हल कराने, कुकिंग गैस की किल्लत को दूर कराने की मांग की गई। राशन कार्डों की कमी के मामले में डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि वह 600 नए राशन कार्ड उपलब्ध कराएं। बैठक में ब्लाक प्रमुख पुष्पा नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख लीला डालाकोटी, कनिष्ठ प्रमुख भावना भंडारी, सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व प्रमुख लाखन सिंह नेगी, सीडीओ ललित मोहन रयाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान, सीईओ रघुनाथ लाल आर्या आदि विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।