हल्द्वानी। मेडिकल कालेज के एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र मंगलवार देर रात हॉस्टल की दूसरी मंजिल की बालकनी से संदिग्ध हालात मेें गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने सुबह उसे बेहोशी की हालत में ग्राउंड में पड़ा देखा। वे उसे इलाज के लिए एसटीएच ले गए। सिटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण साथियों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। कालेज प्रशासन ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है।
रुद्रपुर निवासी हरीश गुंजाल का बेटा आकाश गुंजाल हल्द्वानी मेडिकल कालेज में एमबीबीएस सेकेंड ईयर का छात्र है। मंगलवार रात आकाश हास्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आकाश कालेज के हॉस्टल नंबर दो में सेकेंड फ्लोर पर कमरा नंबर 41 में रहता है। कालेज के छात्रों के अनुसार गुरुवार को होने वाले पेपर के लिए उन्होंने करीब तीन बजे रात तक पढ़ाई की। तब तक आकाश भी पढ़ाई कर रहा था।
इसके बाद वे सो गये। सुबह उन्होंने आकाश को घायल अवस्था में हॉस्टल के मैदान में पड़ा देखा। सूचना पर कालेज के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद छात्र आकाश को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गये। सिटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण आकाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में पहुंचे आकाश के पिता हरीश गुंजाल और बड़े भाई ध्रुव गुंजाल का कहना है कि सुबह करीब छह बजे उन्हें फोन से घटना की सूचना दी र्गई । जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। इधर घटना के बाद चीफ वार्डन डॉ. सीपी भैसोड़ा, वार्डन डॉ. मुकेश कुमार व हरिमोहन उपाध्याय ने हॉस्टल पहुंचकर अन्य छात्रों से घटना की जानकारी ली।