हल्द्वानी। यूजीसी ने मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में इंटर्न और एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र के बीच मारपीट के मामले में रिपोर्ट मांगी है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार यूजीसी को रिपोर्ट सोमवार को भेज दी गई है।
28 अप्रैल को मेडिकल कॉलेज स्थित हॉस्टल में रात करीब दस बजे इंटर्न और एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र के बीच मारपीट का मामला सामने आया था। फाइनल ईयर के छात्र ने मामले की लिखित शिकायत कॉलेज प्रबंधन से की थी। 29 अप्रैल को पहले अनुशासन समिति और बाद में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक हुई। इस एंटी रैगिंग की कमेटी की बैठक में अनुशासन समिति के इंटर्न को स्थायी तौर पर हॉस्टल से निष्कासित करने इंटर्नशिप से तीन महीने की रोक और तीस हजार का आर्थिक जुर्माना लगाने के फैसले पर सहमति जताई गई।
अब इस मामले में यूजीसी ने कॉलेज प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी है मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि यूजीसी ने प्रकरण की जानकारी मांगी थी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले में जो भी कार्यवाही की गई है उसका पूर्ण विवरण यूजीसी को भेज दिया गया है।