हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में जारी स्नातक प्रथम वर्ष की पहली मेरिट के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश फार्म जमा करने का सोमवार (आज) को अंतिम दिन है। इसके बाद कॉलेज प्रशासन खाली सीटों के सापेक्ष दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करेगा। इधर, ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को परेशानी हो रही है।
परीक्षा प्रभारी डॉ. नवीन भगत ने बताया कि कई छात्रों ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान अपने अंक नहीं भरे हैं। इस वजह से उनका नाम मेरिट में नहीं आ पाया है। बताया कि ऐसी स्थिति में छात्र अपनी ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर, इंटरमीडिएट के अंकपत्र की छायाप्रति कॉलेज के परीक्षा नियंत्रण कक्ष में जमा करा सकते हैं। यहां से उनके अंक अपडेट किए जाएंगे और दूसरी मेरिट में उन्हें शामिल किया जाएगा। बताया कि जिन छात्रों ने मेरिट में नाम आने के बाद दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करा दिए हैं, उन्हें कॉलेज से प्रवेश सत्यापित होते ही मेसेज मिलेगा। उसके बाद वे फीस जमा कर पाएंगे।