मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एमबीपीजी कालेज में आईटी संकाय खोलने की घोषणा की है। एनसीसी कैडेटों के सम्मान समारोह में छात्रसंघ अध्यक्ष संजय रावत की मांगों पर गौर करने के बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने छात्रसंघ की दूसरी मांग हल्द्वानी परिक्षेत्र में लॉ कालेज की स्थापना के बारे में कहा कि भवाली में लॉ कालेज खोले जाने के कार्रवाई चल रही है।
मुख्यमंत्री ने एमबी कालेज के प्राचार्य डा. बीसी मेलकानी द्वारा दिए गए मांगपत्र के बारे में कहा कि सभागार की स्थिति अच्छी नहीं है, इसके जीर्णोद्धार के लिए धन स्वीकृत कर दिया जाएगा। महाविद्यालय में डिजीटल लाइब्रेरी बनाने जाने के लिए विस्तृत प्रस्ताव यथाशीघ्र शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि धन की व्यवस्था की जा सके।
इससे पहले छात्रसंघ अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष रोहन कपकोटी, सचिव कोमल जायसवाल, उपसचिव शुभम वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष गौरव शर्मा ने मांगपत्र सौंपा। प्राचार्य डा. मेलकानी ने भी शिक्षण कक्षों एवं प्रयोगशालाओं में फर्नीचर आदि के लिए 50 लाख, विज्ञान विषय की प्रयोगशाला उपकरण के लिए 50 लाख, कालेज की रंगाई-पुताई एवं मरम्मत आदि के लिए 50 लाख का बजट दिए जाने का मांगपत्र मुख्यमंत्री को दिया।
उच्चशिक्षा उत्तराखंड राजकीय महाविद्यालय मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के अध्यक्ष एमसी भगत ने उच्चशिक्षा निदेशालय में मुख्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का पद सृजित किए जाने समेत तीन सूत्री मांग पत्र दिया। मुख्यमंत्री ने निदेशालय में मुख्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का पद सृजित किए जाने की घोषणा कर दी। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ के सचिव एचसी भाकुनी ने प्राध्यापकों को प्रोफेसर पद दिए जाने संबंधी मांगपत्र सौंपा।