एमबी पीजी कॉलेज में दाखिले को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज पहुंचे। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के लिए प्रवेश समितियों के सामने छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी थी।
एक ही दिन में बीए, बीकॉम, बीएससी (जेडबीसी) और बीएससी (पीसीएम) में 1174 छात्रों के दाखिले हो गए, जबकि सैकड़ों छात्र-छात्राओं की शुल्क जमा करने की रसीद ही नहीं कट सकी।
इधर, स्टांप पेपर काउंटर पर स्टांप लेने के लिए सबसे अधिक मारामारी थी। सुप्रीमकोर्ट के आदेशानुसार प्रत्येक छात्र को प्रवेश आवेदन फार्म में एंटी रैगिंग के संबंध में दस-दस रुपये के स्टांप पेपर शपथपत्र के रूप में लगाने अनिवार्य हैं।
ग्रीष्मावकाश के बाद छह जुलाई को एमबी पीजी कॉलेज खुलने के बाद शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बुधवार को छात्र-छात्राओं की सबसे अधिक भीड़ थी।
कॉलेज परिसर में कई स्थानों पर छात्र-छात्राएं प्रवेश आवेदन फार्म भरने के लिए बैठे थे तो कई प्रवेश समिति के समक्ष अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि बुधवार को स्नातक प्रथम वर्ष में छात्रों के प्रवेश का टर्न था, लेकिन बड़ी संख्या में छात्राओं के पहुंचने के कारण प्रवेश समितियों को छात्र-छात्राओं दोनों के दाखिले करने पड़े।
चीफ प्राक्टर डा. आरएस भाकुनी ने बताया कि बीए में 430, बीएससी पीसीएम में 300, बीएससी जेडबीसी में 174 और बीकॉम प्रथम वर्ष में 270 दाखिले हुए हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रों की भीड़ को देखते हुए छात्र-छात्राओं के अलग-अलग स्टांप पेपर के काउंटर खोले गए थे। बावजूद इसके शाम चार बजे तक भीड़ लगी रही।
इधर, छात्रनेता पान सिंह मेवाड़ी ने आरोप लगाया कि बीए की प्रवेश समिति के काउंटर पर शुल्क की स्लिप में मनमाने ढंग से काटी गई। जिस छात्र के पास प्रयोगात्मक विषय नहीं, उससे भी ऐसे विषयों का शुल्क स्लिप में दर्ज किया गया। इसकी शिकायत प्राचार्य से की जाएगी।