उत्तरप्रदेश में पेट्रोल पंपों में चिप लगाकर घटतौली के मामले सामने आने के बाद नैनीताल पूर्ति विभाग की टीम ने भी शनिवार को हल्द्वानी के तीन पेट्रोल पंपों में छापामारी की। पेट्रोल पंपों में चिप तो नहीं मिली, लेकिन दो पेट्रोल पंपों में घटतौली पकड़ी गई।
पूर्ति विभाग ने पंपों की यूनिट को सील कर ईंधन की बिक्री पर रोक लगा दी है। छापामारी से पेट्रोल पंप कारोबारियों में खलबली मची रही। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी के निर्देश पर डीएसओ तेजबल सिंह की अगुवाई में टीम ने सुबह साढ़े दस बजे से अपराह्न साढ़े चार बजे तक पेट्रोल पंपों की जांच पड़ताल की।
डीएसओ के मुताबिक रामपुर रोड स्थित जाहरमल पेट्रोल पंप पर छापा मारा। पंप में पेट्रोल में घटतौली पकड़ी गई। पूर्ति विभाग की टीम ने घटतौली की जांच करने के लिए एक बर्तन में तीन बार पांच-पांच लीटर पेट्रोल भरवाया। हर बार पांच लीटर पेट्रोल में 30 से 40 एमएल पेट्रोल की घटतौली मिली।
डीजल की पैमाइश सही मिली। टीम ने पेट्रोल की घटतौली में पेट्रोल यूनिट को सील कर बिक्री पर रोक लगा दी। काठगोदाम स्थित जसवंत मोटर्स वर्क्स में भी घटतौली पकड़ी गई। डीएसओ के मुताबिक पंप में पेट्रोल और डीजल के चार-चार यूनिट लगी हैं।
एक पेट्रोल यूनिट के नोजल में गड़बड़ी से 20 से लेकर 250 एमएल तक पेट्रोल की घटतौली हो रही थी। पेट्रोल यूनिट सील कर दी गई। डीजल की भी एक यूनिट में तकनीकी खराबी थी। टीम ने उसे भी सील कर दिया। डीसओ के मुताबिक टीम ने बेरीपड़ाव स्थित त्रिलोक सिंह एंड संस कंपनी में भी छापा मारा। इस पंप में पैमाइश ठीक मिली।
ऑयल कंपनी की अनदेखी
जसवंत मोटर्स वर्क्स एचपीसी का पंप है। शुक्रवार को ही एचपीसी के अधिकारियों का पंप का निरीक्षण किया था। पेट्रोल यूनिट में घटतौली और डीजल का नोजल खराब होने के बाद भी निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं लिखी। इससे ऑयल कंपनियों के अधिकारियों और पेट्रोल पंप संचालकों की मिलीभगत उजागर होती है।
पेट्रोल पंपों में घटतौली पकड़ी जाने के बाद रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई। पूर्ति विभाग घटतौली की रिपोर्ट आयल कंपनियों को भी भेजेगी, ताकि पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
- तेजबल सिंह, डीएसओ