हल्द्वानी। प्रदेश सरकार की नई एसओपी के बाद बुधवार को पूरा बाजार तो खुला लेकिन जिस तरह भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही थी वह नहीं दिखी। बाजार में लोग निकले लेकिन सीमित स्थलों पर ही खरीदारी हुई। विवाह समारोह के लिए पहले से आर्डर देकर जेवरात तैयार करवाने वाले ग्राहक डिलीवरी लेने आए। सहालग के चलते कई लोगों ने इलेक्ट्रानिक आइटमों टीवी, फ्रिज, एसी, कूलर आदि की खरीदारी की।
सराफा और इलेक्ट्रानिक बाजार में ही कुछ चमक दिखी। कपड़ा, रेडीमेड, बर्तन, किराना, जूता, स्टेशनरी आदि दुकानों में इक्का दुक्का ग्राहक ही नजर आए। हर तरह के जिंस के कारोबारियों के मुताबिक बाजार में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसमें सराफा और इलेक्टॉनिक कारोबार पर ही अधिक फोकस रहा। रेडीमेड, कपड़ा, बरतन, किराना कारोबारियों का कहना था कि बाजार में इन चीजों की बिक्री 25 से 30 फीसदी ही हुई। कारोबारियों के मुताबिक अमूमन सामान्य दिनों में 15 से 16 करोड़ रुपये का कारोबार होता है जो सिमटकर चार से पांच करोड़ रह गया।
बैंक की किस्तें माफ करे सरकार
हल्द्वानी। देवभूमि व्यापार मंडल की वर्चुअल बैठक में प्रदेश सरकार से व्यापारियों बैंक लोन की किस्त ब्याज सहित माफ करने की मांग की गई। साथ ही बिजली, पानी के बिल, नगर निगम के भवन कर, दुकानों का किराया आदि भी माफ करने की अपील की गई। व्यापारियों ने कहा कि उनकी कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें अलग से आर्थिक पैकेज दिया जाना चाहिए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह चड्ढा, गोविंद बगड़वाल, राजीव जायसवाल, दलजीत सिंह दल्ली, मुकेश धींगडा, पंकज कपूर, परविंदर प्रिंस आदि मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)
गोलज्यू मंदिर में फिर की गई पूजा अर्चना
हल्द्वानी। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बाजार खुलने पर चंपावत और हीरानगर स्थिति गोलज्यू मंदिर में पूजा अर्चना की। बाजार खुलने पर गोलज्यू का आभार जताया। इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिल खंडेलवाल, राजकुमार केसरवानी, जगमोहन चिलवाल, अतुल गुप्ता, अजय कृष्ण गोयल, जाकिर हुसैन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)