रामनगर (नैनीताल)। लॉकडाउन में मस्जिद में नमाज अदा करने और दुकान खोलने के साथ ही अन्य मामलों में पुलिस ने 12 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही सभी को रामनगर में क्वारंटीन किया गया है।
शनिवार को कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि पीरूमदारा में चौकी इंचार्ज कविन्द्र शर्मा की ओर से शमशुद्दीन निवासी केलाखेडा वार्ड -1ऊधमसिंह नगर मस्जिद इमाम, मो. यूनुस, फुरकान, जफर अली, अब्दुल वहीद, शादाब आलम, सुहेल, मो. हनीफ निवासीगण उदयपुरी चोपड़ा की ओर से शुक्रवार को धारा 144 लागू होने के बाद भी उदयपुरी चोपड़ा की मस्जिद में मुख्य गेट पर ताला लगाकर और पीछे के गेट से अंदर जाकर नमाज अदा की गई। वहीं खुर्शीद सरेआम अफवाह फैलाते हुए पकड़ा गया।
वहीं मुरादाबाद निवासी सुलेमान ने बद्री विहार पीरूमदारा में अपनी हेयर कटिंग की दुकान और मोहल्ला खताड़ी निवासी शमीम अहमद और मो. अजहर, मो. राशिद ने अपनी अपनी दुकानें खोली थी। कोतवाल ने बताया कि इन सभी के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली के एसआई वीरेंद्र बिष्ट ने शिवलालपुर चुंगी निवासी सूरज की ओर से फेसबुक में कोरोना संक्रमण के संबंध में की गई पोस्ट के बारे में पूछताछ की तो वह झगड़ा करने पर उतारू हो गया। इस पर उसके खिलाफ भी धारा 151 सीआरपीसी के तहत मुकदमा किया गया है।