फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेसी दिग्गजों को आइना दिखा गया मंथन शिविर

Thu, 22 Jan 2015 02:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
विज्ञापन
विज्ञापन
कुमाऊं स्तरीय मंथन शिविर में दूसरे और आखिरी दिन भी कांग्रेसी कार्यकर्ता खुलकर बोले और असंतोष जाहिर किया। सीएम हरीश रावत और अन्य दिग्गजों के सामने उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की हार की जिम्मेदारी लेने के अलावा जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की बात उठाई। यही नहीं भ्रष्टाचार को लेकर भी मंत्री से लेकर विधायक तक कार्यकर्ताओं के निशाने पर रहे।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया था कि कुमाऊं का मंथन शिविर नई ऊर्जा देगा, मगर प्रदेश प्रभारी के सामने ज्यादातर नेता बगले झांकते नजर आए। मंत्रियों और विधायकों की कार्यशैली पर उठे सवालों ने दिग्गजों को आइना दिखाने के साथ ही उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सर्किट हाउस में मंथन शिविर में बुधवार को कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हरेंद्र बोरा ने पीडीएफ पर हमला बोला। कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है और पार्टी का मुख्यमंत्री होने के बावजूद पार्टी के लोगों को कार्यक्रम के दौरान मंच पर स्थान नहीं दिया जाता है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी के सामने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के बड़े नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों को हरवाने में अहम भूमिका निभाई, ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पीसीसी सदस्य हेमंत बगड़वाल ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस का विरोध करने वालों पर कार्रवाई हो।
विज्ञापन


पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने रुद्रपुर में मेडिकल कालेज को जानबूझकर अधर में लटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने एनएसयूआई की चुनावी प्रक्रिया समाप्त करने पर भी जोर दिया। एक पदाधिकारी ने कहा कि मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। आरोपों के घेरे में आ रहे मंत्रियों की वजह से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि मंत्री और विधायकों को हार की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। मनमर्जी से काम करने वाले मंत्री और विधायक हार का ठीकरा निचले स्तर के कार्यकर्ताओं पर फोड़ देते हैं, जबकि कार्यकर्ता पूरी मेहनत से काम करता है। उनका इशारा वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश की ओर था।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में मेयर चुनाव में कांग्र्रेस तीसरे स्थान पर रही और सांसद के चुनाव में हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में मिली हार के कारणों की समीक्षा होनी चाहिए। यह भी कहा कि कांग्रेस स्वतंत्रता आंदोलन से निकली हुई पार्टी है जो कभी खत्म नहीं होगी। कांग्रेस नेता राम सिंह कैड़ा ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी के साथ वफादारी से खड़े रहे कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलना चाहिए। विरोध करने वालों को सम्मान मिला तो कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान धनबल का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। धनबल की परिपाटी से पार्टी को भी बाहर निकलना चाहिए।

अब ब्लाक स्तर पर होगा मंथन
कांग्रेस को निचले स्तर से मजबूत करने के लिए ब्लाक स्तर पर मंथन शिविर का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तराखंड कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह शिविर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में होगा।

दो दिनी शिविर में कार्यकर्ताओं ने मन की बात कहकर बोझ हल्का किया है। पार्टी में अनुशासन की कमी है। शिविर की विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के समक्ष रखी जाएगी। -अंबिका सोनी, राष्ट्रीय महासचिव-प्रदेश प्रभारी कांग्रेस

कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी बात सुनने के लिए पीडीएफ के मंत्रियों को कहा गया है। सदस्य बनाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी गई है और जल्द ही उनको फर्क महसूस होगा। -हरीश रावत, मुख्यमंत्री
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें