हल्द्वानी में 15 दिन पहले रोडवेज बस स्टेशन से गुम होने वाले अधेड़ तक परिजन पहुंच तो गए मगर उनकी जान नहीं बच सकी। घायल होने के कारण उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
मेडिकल चौकी पुलिस के मुताबिक, काशीपुर के वैशाली कॉलोनी निवासी 47 साल के अनिल आर्या 30 दिसंबर 2023 को अपनी पत्नी गीता देवी के साथ नैनीताल अपनी बेटी के घर जा रहे थे। दोनों हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पहुंचे और बस में सवार हो गए। अनिल आर्या किसी काम से बस से उतर गए। इतने में बस चलने लगी। उनकी पत्नी ने बस रोकने के लिए शोर मचाया और कंडक्टर से भी कहा। काफी इंतजार के बाद भी वह नहीं आए तो बस नैनीताल के लिए चली गई।
पढ़ें- Viral IAS Deepak Rawat: ...फिर चर्चा में आए कुमाऊं कमिश्नर; ऐसे जीता सबका दिल, हर जगह हो रही वाहवाही
सात जनवरी को हो पाई पहचान
देर रात तक अनिल का पता नहीं चला तो काशीपुर से परिजन हल्द्वानी पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच 30 दिसंबर की ही शाम को भुजिया घाट के पास पुलिस को व्यक्ति सड़क किनारे घायल पड़ा मिला।
उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जब कोतवाली से गुमशुदगी की जांच सात जनवरी को मेडिकल चौकी के पास पहुंची तो अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की पहचान अनिल आर्य के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। शनिवार को इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।