फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करंट से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने एसडीओ को घेरा

Wed, 01 Mar 2017 01:16 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी।
विज्ञापन
करंट से युवक की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी। कब्रिस्तान गेट लाइन नंबर 16 में निर्माणाधीन मकान के समीप गुजर रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने सपा प्रत्याशी के नेतृत्व में लाइनमैन को निलंबित करने और दस लाख  मुआवजे की मांग को लेकर एसडीओ को घेर लिया।
विज्ञापन


घटना को लेकर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत किया। लाइन नंबर 16 निवासी सदाकत उर्फ विक्की (21) पुत्र शराफत मंगलवार रात आठ बजे निर्माणाधीन मकान से बल्ली बगल के मकान पर रख रहा था।

इसी समय वह हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक नीचे गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने किसी प्रकार युवक को समर्थकों के साथ सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया। अस्पताल के डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


सपा प्रत्याशी शोएब अहमद सिद्दीकी, बसपा नेता जरियाब सिद्दीकी और बनभूलपुरा संघर्ष समिति के संयोजक उवैस राजा के समर्थकों ने घटना के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीओ केके पंत पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने एसडीओ का घेराव किया और दोनों लाइनमैन को दोषी ठहराने लगे। आरोप लगाया कि आठ फीट के रास्ते में हाईटेंशन तार खुला छोड़ा गया है। भीड़ में शामिल लोगों का आरोप था कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते युवक की जान गई है।

इस मामले में दोनों लाइनमैन को निलंबित होना चाहिए। काफी विरोध के बीच एसडीओ ने दोनों लाइनमैन को निलंबित करने का आश्वासन दिया। इधर वीडियो रिकार्डिंग करने पर कुछ लोगों ने एक युवक को पीट दिया।  

करंट से युवक की मौत के बाद मौके पर उपस्थित लोग युवक के पोस्टमार्टम के लिए अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा था। इसके बाद लोग डॉक्टरों और अधिकारियों से खफा हो गए। थानाध्यक्ष संजय पांडे ने गुस्साए लोगों को समझाकर घटना की तहरीर देने पर पोस्टमार्टम कराने का भरोसा दिलाया।

घटना के शिकार युवक के भाई सखावत का आरोप था कि विक्की का एसटीएच के डॉक्टरों ने इलाज नहीं किया। डॉक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस के समझाने पर सखावत ने घटना की तहरीर दी। 

पिछले माह उजालानगर में भी घर के समीप करंट लगने से एक युवक की मौत हुई थी। यहां भी लोगों ने आरोप लगाया कि मकान के बगल से हाइटेंशन का खुला तार गुजरने से काफी बच्चे भयभीत रहते हैं। इस मामले को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया था और मंत्री के साथ धक्कामुक्की की थी। इस मामले में भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें