लालकुआं (नैनीताल)। क्षेत्र में एक युवक पर शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने और बैंक का कामकाज प्रभावित करने का आरोप लगा है। बैंक कर्मचारियों ने युवक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक विपिन चंद्रा ने तहरीर देते हुए बताया कि नगर निवासी जफर अंसारी ने बैंक पहुंचकर ग्राहकों के साथ गाली गलौच की और एक बैंक कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी। उसने जबरन बैंक के अंदर घुसने का प्रयास किया।
जिसकी वजह से हुई धक्का मुक्की में एक कर्मचारी के चोट लग गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी और तहरीर के आधार पर धारा 504, 506, 332 और 353 के तहत आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर दिया। उन्होंने बताया कि जांच शुरू कर दी है। संवाद