नैनीताल। नगर के विभिन्न चौराहों स्थित रिक्शा स्टैंड समेत विभिन्न बाजारों के सौंदर्यीकरण के तहत मल्लीताल बड़ा बाजार को संवारा जाना है। लोक निर्माण विभाग की के प्रस्ताव के क्रम में प्रथम किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये (40 फीसदी) व्यय करने की स्वीकृति राज्यपाल ने दे दी है। सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
सरोवर नगरी में तल्लीताल डांठ चौराहा, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड चौराहा, चीना बाबा समेत अन्य चौराहों का चौड़ीकरण किया जा चुका है। तल्लीताल व मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के साथ ही मल्लीताल खड़ी बाजार, तल्लीताल रैमजे बाजार से डीएम आवास, तल्लीताल डांठ से लेकर क्रांति चौक तक सौंदर्यीकरण किया जा चुका है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पंत पार्क से लेकर 51 शक्तिपीठों में शामिल नयना देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। शासन ने मल्लीताल बाजार के सौंदर्यीकरण को भी हरी झंडी दे दी है। मल्लीताल बाजार वार्ड के सभासद मुकेश जोशी मंटू ने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य होने से बाजार खूबसूरत नजर आएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, त्रिभुवन फर्त्याल, पुनीत टंडन, गिरीश कांडपाल का कहना है कि बाजार के सौंदर्यीकरण से यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।