पारंपरिक होली वेशभूषा, होली गायन, स्वांग परंपरा, कलाकारों की भाव भंगिमा समेत होली के मूल आदि पर आधारित राम सेवक सभा की ओर से आयोजित 19वें फागोत्सव 2015 की महिला होली प्रतियोगिता का ताज मल्लिका नव ज्योति संगीत केंद्र तल्लीताल के सिर सजा। 2015 की इस विजय के साथ मल्लिका ग्रुप का नाम प्रतियोगिता की हैट्रिक बनाने वाली टीम के रूप में दर्ज हो गया है।
सभा भवन में बीते दो दिनों से लगभग 10 होल्यार दलों की प्रस्तुति के बाद शुक्रवार को विजेता दलों को पुरस्कृत किया गया। इनमें विला माउंट रोज तल्लीताल दूसरे, लेक सिटी वेलफेयर क्लब तीसरे स्थान पर रहा। विजेता टीमों को ट्राफी के साथ क्रमश: 7 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपए का पुरस्कार भी दिया गया। इस वर्ग में सांत्वना पुरस्कार गीतांजलि महिला दल अल्मोड़ा एवं वुडलैंड महिला समिति हल्द्वानी को दिया गया। महिला होली जुलूस में यह वैष्ण माता तल्लीताल, मे-विला माउंट रोज, मल्लिका ग्रुप क्रमश: पहले दूसरे, तीसरे स्थान पर रहे। विजेता टीमों को 2000, 1500, 1000 रुपए दिए गए।
इससे पहले नैनी महिला बाल विकास समिति सूखाताल, वुडलैंड महिला समिति हल्द्वानी, नंदा देवी महिला समिति भवाली, मां का आशीर्वाद समिति ज्योलीकोट, गीतांजलि दल अल्मोड़ा के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की सफलता में गंगा प्रसाद साह, मुकेश जोशी, राजेंद्र साह, मुन्ना साह, अनूप शाही, जगदीश बवाड़ी, विमल चौधरी आदि लगे हुए थे। संचालन मीता उपाध्याय ने किया।