हल्द्वानी। प्रशासन के अनुसार सील हुए प्रतिष्ठान तभी खुलेंगे, जब प्रतिष्ठान नक्शे के हिसाब से पार्किंग बनाने का हलफनामा देंगे। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों पर पोस्टर चस्पा करने वालों को बुलाकर सफाई और पुताई करानी होगी। इसके निर्देश मातहत अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रशासन ने सात मार्च को कार्रवाई करते हुए 12 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया था। यह प्रतिष्ठान अपने पार्किंग स्थल को बदलकर दुकान, गोदाम जैसे व्यवसायिक कार्यों में इस्तेमाल कर रहे थे। डीएम दीपक रावत कहते हैं कि कार्रवाई का उद्देश्य पार्किंग की व्यवस्था को सुनिश्चित करना है।
जो प्रतिष्ठान सील हुए हैं, वह एक निश्चित अवधि में पार्किंग स्थल का स्वरूप बनाने को तैयार होंगे और हलफनामा देंगे, उसी के बाद प्रतिष्ठान खुलेंगे। ऐसा न करने पर नक्शे का उल्लंघन करने पर प्रशासन अवैध निर्माण को ढहा भी सकता है। नक्शे के हिसाब से पार्किंग बनानी होगी। पार्किंग बनाने के बाद टीम संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण भी करेगी। इसके अलावा पार्किंग स्थल में दुकान खरीदने या किराए पर लेने वालों को भी सचेत किया जा रहा है, भविष्य में कार्रवाई होने पर उनको नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हल्द्वानी। अगर किसी इमारत में कोई दुकान किराए पर लेने से लेकर खरीदने जा रहे हैं, तो भवन के बारे में छानबीन कर ले। भवन का नक्शा पास है? जो स्थल दिया जा रहा है, उसके मूल नक्शे में जगह क्या दर्ज है के बारे में पता करें। संदेह होने पर संबंधित सरकारी कार्यालय से भी पड़ताल कर लें। ब्यूरो