केंद्र सरकार और आरबीआई के दावे अब खोखले होते दिखाई पड़ रहे हैं। एटीएम के बाहर लंबी कतार है तो बैंक अधिकारी करेंसी के लिए बेकरार हैं। बैंकों में करेंसी खत्म होने लगी है और ग्राहक निराश लौट रहे हैं।
बृहस्पतिवार से पेंशन और वेतन बांटने को लेकर भी बैंक टेंशन में हैं। बृहस्पतिवार को अगर बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक के लिए करेंसी आती है, तो ही कुछ राहत मिल सकती है। एक बैंक को तो करेंसी न होने के कारण चैनल तक बंद करना पड़ा माना जा रहा है कि पीएनबी की करेंसी में 500 के नए नोट आ सकते हैं।
21 नवंबर को मात्र दो अरब रुपए की करेंसी आई थी। उसके बाद से अभी तक करेंसी नहीं मिली है। करेंसी न आने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बैंक अधिकारी/कर्मचारी ग्राहकों को थोड़ी-थोड़ी राशि देकर काम चला रहे थे।
बैंकों में अब करेंसी न के बराबर रह गई है। दो हजार रुपए के नए नोट, दस, बीस, पचास और सौ रुपए के नोट की जबरदस्त किल्लत है। बृहस्पतिवार से लोगों के खाते में वेतन और पेंशन की धनराशि आने लगेगी।
बैंकों के आगे संकट ये है कि अभी के जरूरतमंदों के अलावा अब वेतन और पेंशन का भुगतान कैसे करेंगे। पीएनबी की नैनीताल रोड शाखा में पांच हजार, एसबीआई की शाखा में आठ हजार, बॉब में लगभग 19 हजार वेतन और पेंशन खाते हैं।
अन्य बैंकों को जोड़कर लगभग 50 हजार वेतन एवं पेंशन के खाते होंगे। वेतन और पेंशन खातों से आहरण के लिए एक से लेकर 10 तारीख तक बैंकों में खासी भीड़ रहती है। लोग विवाह के लिए भी ढाई लाख रुपए लेने बैंक आ रहे हैं। बैंकों के आगे सबसे बड़ा संकट ये है कि करेंसी के अभाव में वेतन और पेंशन का भुगतान कैसे करेंगे।
इधर, बुधवार को रेलवे बाजार में एक बैंक में कैश खत्म हो गया। कैश खत्म होने के कारण बैंक ने चैनल भी बंद कर दिया। ग्राहकों को दूसरी ब्रांच भेजा जाने लगा। दूसरी ब्रांचों में भी कैश का संकट हो रहा था।
चैनल बंद किए जाने के कारण ग्राहकों में काफी असंतोष एवं नाराजगी थी। सूत्रों की मानें तो पीएनबी को 25 करोड़ रुपए मिल सकते हैं और इसमें पांच सौ रुपए की नई करेंसी भी आ सकती है।
साथ बैंक ऑफ बड़ौदा को एक अरब 80 करोड़ रुपए मिलने का अनुमान है और शुक्रवार तक करेंसी आ सकती है। द नैनीताल बैंक लिमिटेड को भी करेंसी मिल सकती है। हालांकि, जिले के लिए 11 अरब रुपए की डिमांड आरबीआई को भेजी गई है।
वेतन कितना भी हो सिर्फ 24 हजार ही निकाल पाएंगे
आपका वेतन भले ही एक लाख हो या तीन लाख रुपए प्रतिमाह, लेकिन सप्ताह में 24 हजार से अधिक नहीं निकाल पाएंगे। 24 हजार रुपए प्रति सप्ताह में एटीएम से निकाली गई राशि भी शामिल होगी।
पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक बीके शर्मा ने बताया कि सप्ताह मेें अगर आप एटीएम से 25-25 सौ रुपए दो बार निकाल चुके हैं तो सिर्फ 19 हजार रुपए ही निकाल पाएंगे। एटीएम से अगर धनराशि नहीं निकाली है तो सप्ताह में 24 हजार निकाल सकते हैं।
एसबीआई को छोड़ अधिकतर एटीएम दिन में रहे ठप
बृहस्पतिवार को पेंशन और वेतन का वितरण होना है। पेंशन और वेतन लोगों के खाते में आएगी। बुधवार को शहर के सभी बैंकों के अधिकतर एटीएम ठप रहे। एसबीआई के एटीएम के बाहर लोगों की दिनभर कतार लगी रही। कुछ बैंकों के एटीएम शाम को खुले। शहर के 70 प्रतिशत एटीएम में करेंसी नहीं थी। कई एटीएम का शटर तो पूरे दिन गिरा रहा।
15 दिन के खर्च के हिसाब से निकालें धनराशि
पीएनबी नैनीताल रोड शाखा के मुख्य प्रबंधक बीके शर्मा ने लोगों से अपील की है कि जरूरत के अनुसार ही धनराशि का आहरण करें। शर्मा ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 15 दिन की जरूरत के हिसाब से धनराशि निकालें और 15 दिन बाद दोबारा आहरण कर लें। लोगों के सहयोग से सभी जरूरतमंदों तक कुछ-कुछ धनराशि पहुंच जाएगी।
सुबह दस से शाम चार बजे तक ग्राहकों का समय
सभी बैंकों में ग्राहकों के लिए सुबह 10 से शाम 4 बजे तक का समय है। हालांकि बैंक तो शाम को छह से सात बजे तक खुल रहे हैं, लेकिन ग्राहकों का समय खत्म होने के बाद बैंक के अन्य काम निपटाए जाते हैं। कोई भी ग्राहक शाम चार बजे तक बैंक में जाकर अपना काम निपटा सकता है।