किच्छा। हल्द्वानी हाईवे स्थित शांतिपुरी गेट के पास आड़े तिरछे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों से जाम लग गया। इसके चलते कई किमी लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए तरस गए। जाम में कई रोडवेज बसें भी फंस गईं।
बुधवार को शांतिपुरी गेट के पास बेतरतीब खड़े डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से जाम लग गया। पुलिस की ओर से कोई व्यवस्था के ना होने के कारण जाम खुलने में काफी दिक्कतें आईं। हल्द्वानी रोड पर चलने वाली मैजिक वाहनों के चालकों ने बताया कि यहां पर रोज जाम लगना आम बात हो गई है। उनके अनुसार घंटों खड़े होने के कारण उनके डीजल की खपत भी अधिक होती है। जाम में कई रोडवेज बसें और निजी वाहन भी फंसे रहे। हालत इस कदर खराब रहीं कि शांतिपुरी गेट से लेकर खुरपिया के पास बनी मजार तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके चलते बरेली और हल्द्वानी की ओर आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देरशाम करीब 7:30 बजे के बाद यातायात सुचारु हो सका।