हल्द्वानी। महिला के साथ जिम में मारपीट का वीडियो वायरल होने पर काठगोदाम पुलिस ने जांच के बाद व्यवसायी पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में जिम संचालक की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद उनको घटना की जानकारी मिली। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद महिला की तहरीर ली। इसी आधार पर पुलिस ने रामपुर रोड निवासी कत्था फैक्ट्री व्यवसायी के पुत्र बसंत वशिष्ठ के खिलाफ धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वीडियो में युवक पिटाई के बाद धमकी देकर लोगों को आतंकित कर रहा था। पूछताछ से पता चला कि आरोपी ने जिम के सुरक्षा गार्डों के साथ दुर्व्यवहार किया और धमकी दी थी लेकिन गोल्ड जिम के संचालक ने इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं की थी। घटना का आरोपी दो दिन जिम में गया था।
आरोपी के खिलाफ पुलिस के समक्ष अन्य जगहों से भी शिकायतें मिल रही हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी मानसिक रुप से कमजोर है। उसका कानपुर में इलाज चल रहा है लेकिन पुलिस अधिकारियों को परिजनों की बातों पर यकीन नहीं हो रहा है। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि मुकदमे की जांच उपनिरीक्षक मनोहर चंद को सौंपी गई है।