अल्मोड़ा से हल्दूचौड़ की एक लीसा फैक्ट्री को अवैध रूप से कैंटर के भीतर बंद केबिन में लेकर आ रहे वाहन को हल्दूचौड़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान चौकी के समीप 208 कनस्तर लीसा मय चालक परिचालक पकड़ा है। पकड़े गए लीसे की कीमत तीन लाख रुपये आंकी गई है। जिन्हें वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी ने वन अधिनियम 1927 के तहत मय माल के वाहन को अपने कब्जे में लेकर सीज कर छकाता रेंज में भेज दिया है।
पुलिस के मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब आठ बजे हल्दूचौड़ चौकी पुलिस बैरीकेटिंग कर वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर यूके 04 सीए 9348 कैंटर को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा। पुलिस ने उसे पीछा कर चौकी के समीप ही चालक को मय वाहन धर दबोचा। कैंटर बाहर एवं पीछे से देखने से ऐसा लग रहा था कि इसमें कुछ भी नहीं है। मगर पुलिस के पास वाहन में लीसा भरे होने की पुख्ता जानकारी थी।
चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने चालक दिवान सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी दसौला पडियार अल्मोड़ा एवं परिचालक दीपक कुमार आर्या पुत्र जगत राम निवासी दुनाड़ अल्मोड़ा पर दबाव बनाया तो दोनों टूट गए। उन्होंने पुलिस को हकीकत बयां कर कैंटर के भीतर बंद केबिन 208 कनस्तर लीसा रखा जाना स्वीकारा। इसी बीच इस वाहन का पीछा कर रहे वन विभाग के फील्ड आफीसर इंदर सिंह बिष्ट भी हल्दूचौड़ चौकी पहुंच गए। इसी बीच जांच दल के डिप्टी रेंजर आनंद लाल एवं फॉरेस्टर प्रकाश चंद्र नैनीताल से पीछा करते हुए हल्दूचौड़ चौकी तक आ पहुंचे।
मामला छकाता रेंज का होने पर फील्ड आफीसर छकाता रेंज के इंदर सिंह बिष्ट ने वन क्षेत्राधिकारी सुनील गैरोला एवं टीम के आरक्षी भूपेंदर विष्ट, देवीदत्त जोशी धरम सिंह मेहता, दलीप सिंह कार्की, वन दरोगा हुकुम राम को मौके पर पर बुलाया। चालक एवं परिचालक को गिरफ्तार कर छकाता रेंज हल्द्वानी ले गए। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन अधिनियम 1927 अधिनियम की धारा 26 व 41, 42 के तहत वाहन चालक एवं वाहन स्वामी एवं परिचालक के खिलाफ वन संपदा की चोरी के मामले को लेकर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी गैरोला ने पुलिस टीम को बधाई दी है।
अल्मोड़ा से हल्दूचौड़ स्थित एक लीसा फैक्ट्री में रोजाना चोरी से अवैध रूप से लीसा लाया जाता है। पुलिस को मामले की तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर वाहन चालक का नंबर सर्विलांस में लगाया गया था। जिसकी लोकेशन पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए थी। पुलिस ने जाल बिछाया तो चौकी के समीप वाहन को मय चालक पकड़ लिया गया। मामला वन अधिनियम का है। लिहाजा वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
- महेशानंद गैरोला, पुलिस क्षेत्राधिकारी लालकुआं।
अल्मोड़ा से हल्दूचौड़ की एक लीसा फैक्ट्री में अवैध रूप से लीसा लाए जाने का मामला संज्ञान में था। मगर कई बार वाहन चालक पकड़ से बाहर होते जा रहे थे। गुरुवार को हल्दूूचौड़ चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह सिंह बिष्ट की टीम ने मय चालक लीसा भरा वाहन पकड़ लिया।
- सुनील गैरोला, वन क्षेत्राधिकारी छकाता रेंज।