मल्लीताल देसी और विदेशी शराब की दुकान का संचालन नियमों को ताक पर रखकर किए जाने के संबंध में हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका के क्रम में शनिवार को कोर्ट कमिश्नर ने संबंधित क्षेत्र की नापजोख की।
बता दें कि स्नोव्यू वार्ड के मोहन सिंह रावत और मालडन काटेज के उमेश सिंह की ओर से हाईकोर्ट में पीआईएल दायर कर मल्लीताल गाड़ी पड़ाव क्षेत्र में खोली गई देसी और विदेशी शराब की दुकान पर सवालिया निशान लगाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित दुकान के समीप आर्य समाज, प्राथमिक विद्यालय और जामा मस्जिद है।
जो इनसे पर्याप्त दूरी के मानकों को पूरा नहीं करती। इसी क्रम में हाईकोर्ट की ओर से अनूप कुमार वर्मा को कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। शनिवार को कोर्ट कमिश्नर की मौजूदगी में शराब की दुकान और संबंधित स्थलों की नापजोख की गई। इस दौरान नगर पालिका कर अधीक्षक राजदेव जायसी, जेई ईश्वर रौतेला, जिला आबकारी अधिकारी राजीव चौहान, आबकारी निरीक्षक सुमन पाल, राजीव बिष्ट आदि मौजूद थे।