रामनगर में रविवार को हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से झोपड़ी जलकर राख हो गई। झोपड़ी में सो रहीं महिला और उसकी दो बेटियों ने भागकर जान बचाई।
ग्राम लोकमानपुर चोपड़ा निवासी नूर आलम पुत्र जमशेद ने बताया कि रविवार की सुबह अचानक बिजली झोपड़ी पर गिर गई। झोपड़ी जलकर राख हो गई घटना के समय नूर आलम घर के पास किसी के फार्म पर मजदूरी करने गया था।
उसने बताया कि झोपड़ी के अंदर उसकी पत्नी रुखसाना और दो बेटियां सो रही थीं। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग को बुझाते हुए घटना की जानकारी नूर आलम को दी। उसने बताया कि झोपड़ी के अंदर राशन, कपड़े व अन्य सामान जलकर आग की भेंट चढ़ गया।