नैनीताल में लाईफ जैकेट नहीं पहने पर पालिका की कर निरीक्षक अनुपमा भट्ट ने नावों की पतवार जब्त करवाती।
- फोटो : Amar ujala
बिना लाइफ जैकेट पहने पर्यटकों को नौकायन करा रहे दो नाविकों के चप्पू व लाइसेंस नगर पालिका की टीम ने जब्त कर लिए। साथ ही दो पर्यटकों पर भी जुर्माना लगा दिया गया।एसडीएम अभिषेक रूहेला ने झीलों में नौकायन के दौरान लाइफ जैकेट पहनने के नियम को सख्ती से पालन कराना शुरू कर दिया है।
बुधवार को तीन बजे नगर पालिका की कर निरीक्षक अनुपमा भट्ट ने अचानक टीम के साथ मल्लीताल बोट स्टैंड व कैपिटल सिनेमा बोट स्टैंड पहुंचकर चेकिंग की। इस दौरान मल्लीताल बोट स्टैंड में मदन सिंह की बोट संख्या 86 में निर्धारित संख्या से ज्यादा पर्यटक बैठे थे, जिनमें से तीन ने लाइफ जैकेट पहनी थी जबकि दो पर्यटक बिना लाइफ जैकेट के नौकायन कर रहे थे। टीम ने उसका चप्पू और लाइसेंस जब्त कर लिया।
इसके बाद नाव चालक मदन राम की बोट में भी पर्यटक लाइफ जैकेट के बगैर मिले। टीम ने मदन का भी चप्पू और लाइसेंस जब्त कर लिया। टीम ने कैपिटल सिनेमा बोट स्टैंड का निरीक्षण किया तो पाया कि नाव चालक नागरिक संगठन की बोट संख्या 74 व 60 में नौकायन कर रहे पर्यटकों ने जानकारी देने के बावजूद जैकेट नहीं पहनी थी।
इस पर दो पर्यटकों पर क्रमश: 200 और 150 रुपये का चालान किया गया। इसमें एक पर्यटक ने रुपये दे दिए जबकि दूसरे पर्यटक का जुर्माना टिकट वितरक ने अपने पास से भरा।