हल्द्वानी। हल्द्वानी के बाद अब रामनगर में भी तेंदुआ दिखने से लोग दहशत में हैं। ग्राम नाथोपुर छोई रामनगर में शुक्रवार देर रात एक तेंदुए ने बछिया को मार डाला। मकान स्वामी का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी वन विभाग ने ध्यान नहीं दिया।
किसान राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उनके घर के बाहर जानवरों के लिए बनाए गोट के पास एक तेंदुआ आया। और उनकी बछिया पर झपटकर उसे घायल कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। शनिवार को उन्होंने वन विभाग को इस मामले की सूचना दी लेकिन वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। बछिया को बचाने के दौरान तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी जख्मी हो गए। उन्होंने वन विभाग पर इस मामले में लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई करने की मांग की है।
तेेंदुए से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
रानीबाग क्षेत्र में तेंदुए से बचाव के लिए शनिवार को फतेहपुर और मनोरा रेंज के वन कर्मियों ने चौहानपाटा, इंद्रानगर, सोनकोट, दमुवाढुंगा, रानीबाग, हल्दीखाल और जमरानी कॉलोनी में गश्त कर लोगों को जागरूक किया। वन क्षेत्राधिकारी फतेहपुर रेंज अमित गवास्कोटी ने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही क्षेत्र में लगे ट्रैैप कैमरों की भी लगातार जांच की जा रही है, जिससे तेंदुए के बारे में पता चल सके।