गर्मी में जहां दूरदराज और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोग बूंद बूंद पानी के लिए परेशान रहते हैं, वहीं नगर के डांठ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से मुख्य पाइप लाइन में लीकेज के चलते पानी की जमकर बर्बादी हो रही है। यही नहीं सड़क किनारे से बहकर यह पानी दुकानों के सामने से होते हुए डांठ तक पहुंच रहा है।
डाकबंगला क्षेत्र में स्थित ट्यूबवेल से सांगुड़ीगांव, सौनगांव, साकेत कालोनी, नौकुचियाताल रोड और इसके आसपास के क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाती है। ट्यूबवेल से मुख्य टैंक की ओर जाने वाली पेयजल लाइन नौकुचियाताल रोड में कई दिनों से टूटी हुई है, जिससे सुबह और शाम जमकर पानी लीकेज हो रहा है। लगातार पानी के रिसाव से सड़क में जगह-जगह कीचड़ होने से राहगीरों, स्थानीय लोगों, सैलानियों और स्कूली बच्चों को खासी दिक्कतें हो रही है। लोगों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से लीकेज ठीक कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।