श्री राम सेवक सभा द्वारा आयोजित 113वें नंदा देवी महोत्सव के तहत बुधवार को कदली वृक्षों के रूप में मां नंदा व सुनंदा सरोवर नगरी स्थित नयना धाम पहुंचीं। बृहस्पतिवार को इन कदली वृक्षों से मां नंदा, सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण किया जाएगा और शुक्रवार नंदाष्टमी के दिन मूर्तियों को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा जाएगा।
नयना धाम पहुंचने से पूर्व बैंडबाजे और ढोल नगाड़ों के बीच छात्र-छात्राओं ने शोभायात्रा के साथ कदली वृक्षों को नगर भ्रमण कराया। इससे पूर्व जलालगांव में कदली वृक्ष लेकर आए भक्तों का नैनीताल में जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया।
मंगलवार को भक्तों का दल विमल चौधरी के नेतृत्व में कदली वृक्ष लेने के लिए समीपवर्ती जलालगांव गांव गया था। सूखाताल में रामलीला कमेटी तथा तल्लीताल में वैष्णो देवी मंदिर में आचार्य दिनेश कांडपाल ने कदली वृक्षों की पूजा अर्चना की।
बाद में नगर मेंशोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा में छोलिया कलाकारों के साथ ही विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी थे। पारंपरिक परिधानों में विभिन्न संगठनों की महिलाएं व कलाकार माता के भजन गाते हए चल रहे थे। शोभायात्रा माल रोड, मल्लीताल बाजार, सभा भवन होते हुए मां नयना देवी मंदिर पहुंची जहां पूजा अर्चना के बाद इन्हें सुरक्षित रखा गया।
शोभा यात्रा में श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मुकेश जोशी, महासचिव राजेंद्र लाल साह, मुख्य प्रवक्ता जगदीश चंद्र बवाड़ी, प्रो. ललित तिवारी, विमल चौधरी, भीम सिंह कार्की, डॉ. सरस्वती खेतवाल, अनूप साही, मुन्नी तिवारी, किशन सिंह नेगी, देवेंद्र लाल साह, सुमन साह, मोहित साह, कैलाश जोशी, मनोज साह, मारुति नंदन साह, किशन लाल साह, अनिल कपिल, कन्नू मिश्रा समेत सैकड़ों भक्तजन मौजूद थे।
राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, दूल्हा-दुल्हन सभी थे यहां
सरोवर नगरी में निकाली गयी शोभायात्रा में विभिन्न स्कूलों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। नैनी पब्लिक स्कूल व रामा माउंटेसरी की झांकी में शिव-पार्वती, दूल्हा-दुल्हन, राधा-कृष्ण, कृष्ण को ले जाते वासुदेव सभी के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सस्वती शिशु मंदिर के बच्चे बैंड की धुन बजाते चल रहे थे। स्कूली बच्चे रंगोली पिछौड़ा में आकर्षक लग रहे थे।
नंदा कुंड से लाया गया ब्रह्म कमल मां को अर्पित
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी तहसील के नामिक गांव में रहने वाले पांच भक्तजनों की एक टोली नैनीताल पहुंची। टोली ने हीरामणि ग्लेशियर के समीप नंदा कुंड से लाया गया ब्रह्म कमल मां नयना देवी मंदिर में चढ़ाया।
टोली में भगवान सिंह जैमियाल, प्रताप सिंह ताकुली, मोहन सिंह भंडारी, भूपाल सिंह रौतेला, अमिर सिंह परिहार शामिल थे। जनहित संगठन के मीडिया सचिव शाकिर अली के सहयोग से पहुंचे इन भक्तों का मां नयना देवी अमर उदय ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह, राम सेवक सभा के अध्यक्ष मुकेश जोशी, पूर्व अध्यक्ष गिरीश जोशी व महासचिव राजेंद्र लाल साह ने स्वागत किया। ट्रस्ट ने भक्तों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर एएसपी हरीश चंद्र सती, सीओ विजय थापा, जनहित संगठन के संरक्षक जगमोहन बिष्ट, लक्ष्मी नारायण लोहनी आदि थे।