नैनीताल। जिला मुख्यालय नैनीताल में रविवार को पीसीएस (प्री) परीक्षा होने की वजह से अभ्यर्थियों को शाम को गंतव्य को जाने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। रोडवेज स्टेशन पर शाम को चार बजे बाद अभ्यर्थियों का जमावड़ा लग गया। अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए बाद में एआरएम अमरनाथ ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कराई। दूसरी ओर भीड़ का फायदा उठाते हुए टैक्सी चालकों ने भी खूब चांदी काटी। सौ रुपए के स्थान पर उन्होंने प्रति सवारी 150 से 200 रुपए तक लिए।
नैनीताल। उत्तरांचल लोक सेवा आयोग हरिद्वार के सहयोग से रविवार को नैनीताल में सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2016 का आयोजन किया गया। नगर के सभी 8 आठ केंद्रों में दोनों ही सत्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण हुई।
पहले सत्र में पंजीकृत 3524 में से 1290 जबकि दूसरे सत्र में 1274 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सुरक्षा की दृष्टि से सभी परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज में पंजीकृत 300 में से प्रथम पाली में 114 व दूसरी पाली में 112 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। आदर्श राबाइंका में 300 दोनों पालियों में 125-125 ने परीक्षा दी।
डीएसबी परिसर में 1200 में से 456 व 453, सेंट जेवियर स्कूल में 250 में से 79 व 78, एमएल साह बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 350 में से 116 व 113, एशडेल में 400 में से 130 व 127, सैनिक स्कूल में 424 में से 159 व 157 जबकि राजकीय पालीटेक्निक में 300 में से प्रथम पाली में 111 जबकि दूसरी पाली में 109 अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया।
परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तथा शाम को 2 से 4 बजे तक हुई। दिनभर चली परीक्षा को संपन्न कराने में आयोग के प्रतिनिधि एमएस नेगी, डीईओ माध्यमिक हीरा लाल गौतम, नायब तहसीलदार देवराज सिंह चौहान व नवाजिश खलीक, पटवारी अमित साह समेत अन्य अधिकारी जुटे रहेे।