नगर में श्रम कानूनों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। रविवार को साप्ताहिक बंदी घोषित होने के बावजूद अधिकांश दुकानें खुली रहीं। श्रम विभाग भी ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
नगर में रविवार के दिन साप्ताहिक बंदी रहती है, बावजूद इसके मल्लीताल और तल्लीताल में अधिकांश दुकानें रविवार के दिन भी खुली रहती हैं। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद मालरोड की अधिकांश दुकानें खुली रहीं। खासकर तब साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन होता है, जब नगर में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं या फिर पर्यटक सीजन शुरू होता है।
इस संबंध में श्रम इंसपेक्टर डीसी बिष्ट का कहना है कि श्रम एक्ट कमजोर होने के कारण साप्ताहिक बंदी का पूरी तरह ुपालन नहीं हो पाता है। एक्ट के तहत साप्ताहिक बंदी पर दुकानें खुली पाए जाने पर मात्र 100 रुपए आर्थिक दंड का प्रावधान है, जिसे व्यापारी आसानी से अदा कर देते हैं। वैसे भी पर्यटक सीजन में नैनीताल और मसूरी में व्यापारियों को साप्ताहिक बंदी से छूट है।
साप्ताहिक बंदी का पालन कराया जाएगा। श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में इंसपेक्टर से पूरी रिपोर्ट तलब कराई जाएगी।
- अनिल पेटवाल, उपश्रमायुक्त कुमाऊं।