लालकुआं (नैनीताल)। नगर के निजी क्लीनिक में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत युवती की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद से युवती के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार नगर के विश्वास क्लीनिक में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत कविता जोशी (25) पुत्री स्व. रमेश चंद्र जोशी निवासी वन विकास निगम के डिपो संख्या एक की सोमवार को ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ गई। क्लीनिक के अन्य कर्मचारियों को पता चलने पर आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से युवती को गंभीर अवस्था में बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। दोपहर बाद पोस्टमार्टम कर शव घर लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार का कहना है कि पुलिस को युवती की मौत के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।