कुमाऊं विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति की रविवार को हुई आपात बैठक में विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का मुद्दे पर चर्चा हुई। लंबी चर्चा के बाद समिति ने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में पीजी सेमेस्टर परीक्षाएं 24 जून से कराने का फैसला लिया।
कुलपति प्रो. डीके नौडियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 जून से प्रस्तावित पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर छात्र नेताओं द्वारा किए जा रहे विरोध पर भी चर्चा हुई। तत्पश्चात परीक्षाएं 15 जून के बजाए 24 जून से कराने का फैसला लिया गया।
बैठक में विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों की परीक्षाओं पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। परीक्षाओं की तिथि को पीछे कराने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में छात्र नेता हंगामा काट रहे थे।
छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए विवि प्रशासन को परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा। कुलपति प्रो. डीके नौड़ियाल ने परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक में विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रजनीश पांडे, प्रो. आरएस पथनी, प्रो. एसपीएस मेहता, प्रो. संतोष कुमार, प्रो. पीसी कविदयाल, प्रो. भगवान सिंह बिष्ट, डॉ. जीएस बिष्ट, डॉ. जगदीश प्रसाद, विधान चौधरी, राजेंद्र कुमार आदि थे।