रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के ढेला रेंज में ग्रामीणों के साथ मारपीट के आरोपी फॉरेस्ट गार्ड को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
शनिवार को ढेला गांव निवासी शिव गिरि और वन गुर्जर नंदू जंगल किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। आरोप है कि इस दौरान ढेला रेंज में तैनात फॉरेस्ट गार्ड अवनीश कुमार और दो दैनिक कर्मी उन्हें वन चौकी ले आए जहां चालान करने के बाद उन्हें पीटने के साथ अभद्रता की गई। घटना के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ढेला वन चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर चौकी की छत पर चढ़ गया जिसे बाद में सुरक्षित उतारा गया। सोमवार को ही पुलिस ने आरोपी फॉरेस्ट कर्मी के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी अवनीश कुमार को रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।