नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर स्थित माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र में छह माह के ऐपण डिजाइन मार्केटिंग और वूमेन स्टडीज के नए कोर्स शुरू किए गए हैं। केंद्र ने इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बोर्ड ऑफ स्टडी की बैठक में पाठ्यक्रमों की स्वीकृति मिलने के बाद वूमेन स्टडीज में 20 जबकि ऐपण डिजाइन मार्केटिंग में 10 सीटें निर्धारित की गई हैं। महिला अध्ययन केंद्र की संचालक डॉ. किरन तिवारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को ऐपण डिजाइन जैसे पट्टचित्र, नौला ऐपण, रंगवाली, गेरू टेक्सटाइल आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बताया कि अभ्यर्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए मार्केटिंग की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। वूमेन स्टडीज में महिलाओं के अनुभवों,सामाजिक-सांस्कृतिक संरचनाओं और शक्ति संबंधों को समझने की जानकारी भी दी जाएगी। परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी कुमाऊं विवि की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।