नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के स्नातकोत्तर एवं स्नातक पाठ्यक्रमों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.kuntl.net पर समर्थ स्टूडेंट पोर्टल के माध्यम से अपने परिणाम देख सकते हैं।
इस बार 67 पाठ्यक्रमों के परिणाम एकसाथ जारी किए गए हैं। इनमें कला, विज्ञान, वाणिज्य, शिक्षा और व्यावसायिक अध्ययन संकायों से संबंधित हैं। एमए अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, भूगोल, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, संगीत, चित्रकला, शिक्षा, एमएससी भौतिकी, रसायन, वनस्पति, प्राणी विज्ञान, गणित, सांख्यिकी, कंप्यूटर विज्ञान, भूविज्ञान, वानिकी, भूगोल तथा सूचना प्रौद्योगिकी, एमकॉम., एमएड, एम लाइव एंड इंफॉरमेशन साइंस, एमए होम साइंस और एनिमेशन एंड डिजाइन, बैचलर ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (चतुर्थ सेमेस्टर) के परिणाम जारी किए हैं। यह पहली बार है कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के परिणाम इतने कम समय में घोषित किए गए हैं जिससे विद्यार्थियों को पीएचडी व अन्य उच्च शिक्षण कार्यक्रमों में प्रवेश लेने में सुविधा होगी। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय का मॉडल कुमाऊं विवि ने सफलतापूर्वक अपनाया है। यह सब विश्वविद्यालय की परीक्षा विभाग टीम की मेहनत से संभव हो पाया है।