कोटाबाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग के स्टाफ नर्स पर नशे में मरीजों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। इस मामले की पीड़ित ने शिकायत सीएम पोर्टल पर की है। प्रभारी चिकित्साधिकारी कुलदीप मर्तोलिया ने कहा कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है।
कोटाबाग के कप्तानगंज निवासी सूरज मनराल ने सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत में कहा कि 11 मार्च को उसकी तबीयत बिगड़ी तो वह रात 10:30 बजे अस्पताल पहुंचा जहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स नशे में था। आरोप लगाया कि वह मरीजों से बदतमीजी कर रहा था। उसके भाई मोहित मनराल और दोस्त पंकज अधिकारी के कहने पर ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक से उसे देखा। बताया कि उसे माइनर अटैक पड़ा है। इसके बाद भाई और दोस्त उसे हल्द्वानी के एक हॉस्पिटल में ले गए, जहां उसका इलाज हुआ। सूरज ने बताया कि कोटाबाग अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही से चार साल पहले उसके बेटे की मौत हो गई थी।
सीएमओ हरीश चंद्र पंत ने कहा कि शराब पीने का मामला गंभीर है। इससे पूर्व में भी उक्त कर्मचारी पर कार्रवाई हो चुकी है। कहा कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।