रामनगर डिवीजन के कोसी रेंज वैला बीट में एक बाघिन की मौत हो गई, जिसका शव मौके पर ही पोस्टमार्टम कर जला दिया गया। आशंका है कि सांभर का शिकार करते वक्त संघर्ष में बाघिन भी घायल हुई, जिससे उसकी मौत हो गई।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने विभाग को घायल बाघ होने की सूचना दी, जिसमें फारेस्टर प्रमोद पंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाघिन के मरने की सूचना आलाधिकारियों को दी, जिससे विभाग में खलबली मच गया। डीएफओ कहकशां नसीम ने बताया कि बाघिन की उम्र 8-9 साल बताई जा रही है।
उसके सारे अंग सुरक्षित थे। बाघिन के अगले पैर, कंधे और पेट में गहरे चार-पांच घाव मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है जब ये सांभर का शिकार कर रही हो तो सांभर ने भी इसके ऊपर प्रहार किया और ये घायल हो गई होगी, क्योंकि इससे कुछ ही दूरी पर सांभर मरा हुआ है, जिसे बाघिन ने खाया भी है। वहीं, घटना स्थल पर डा. योगेश अग्रवाल, दुष्यंत के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद उसके शव को जला दिया गया। मौके का कंजरवेटर सुरेंद्र मेहरा ने भी निरीक्षण किया।