कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) बोर्ड की बैठक सोमवार को टीआरसी सूखाताल में निगम के अध्यक्ष किरन मंडल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बोर्ड की ओर से देशी विदेशी सैलानियों को पहाड़ की संस्कृति, रहन-सहन औैर पारंपरिक पकवानों का स्वाद चखाने के लिए होम स्टे योजना को वृहद स्तर पर शुरू करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा निगम के गैस अनुभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू करने, पुराने आवास गृहों को का जीर्णोद्धार करने, घाटे में चल रहे 13 पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी मोड में दिए जाने का प्रस्ताव फिर से शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निगम के एमडी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि दो माह पहले निगम मुख्यालय में हुए अग्निकांड और इससे हुए नुकसान की जानकारी बोर्ड बैठक में औपचारिक रूप से दी गई। अग्निकांड में दो से तीन करोड़ की क्षति हुई है। इसके बारे में भी शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।
इसके अलावा होम स्टे योजना को अल्मोड़ा जिले के बिनसर के समीप गौनाब व कटधार गांवों से व्यापक स्तर पर शुरू करने के बाद इसे कौसानी, रानीखेत, हैड़ाखान, मुनस्यारी, गंगोलीहाट आदि में भी शुरू करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए निगम के स्थानीय टीआरसी के मैनेजर को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा।
बैठक में रानीखेत, गंगोलीहाट, सितारगंज में गैस गोदाम खोलने को मंजूरी दी गई। साथ ही, तय किया गया कि गैस अनुभाग में स्टाफिंग पैटर्न लागू करने के लिए शासन को मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। नैनीताल के केव गार्डन समेत नौकुचियाताल, चौकुड़ी व मुनस्यारी में बार खोलने, बार संचालन का कार्य निजी हाथों में देने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि पर्यटन से एक करोड़ की आय तो 1.48 करोड़ का व्यय हुआ।
इस नुकसान की भरपाई के लिए टीआरसी को उच्चीकृत किया जाएगा। बैठक में निगम के निदेशकों का परिचय पत्र बनाने पर सहमति बनी। बैठक का संचालन कंपनी सचिव अनिल कुमार आर्या ने किया। बैठक में निगम के उपाध्यक्ष गोपाल दत्त भट्ट, निदेशक डीएन बडौला, आरएस मेहरा, गिरधर सिंह बम, राम नगीना, मोहन सिंह ढेक, चंचल सिंह चौहान,विजय फिरमाल, धरम सिंह भंडारी, अपर सचिव वित्त डीएस बोनाल, वित्त नियंत्रक नरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक पर्यटन डीके शर्मा, उप निदेशक पर्यटन जेसी बेरी, मंडलीय प्रबंधक गैस आरएस बिष्ट, खनन प्रभारी नरेंद्र बिष्ट, विक्रय अधिकारी आरएस गडिया, लेखाकार महेश भट्ट, टीसी पांडे आदि मौजूद थे।