चारधाम यात्रा के लिए कुमाऊं मोटर्स ऑनर यूनियन (केमू) की भी 50 बसें लगाई जाएंगी। केमू की बसों को पहली बार चारधाम यात्रा के रोटेशन में शामिल किया गया है। एक सप्ताह के भीतर इन बसों को चारधाम यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा।
इस साल चारधाम यात्रा शुक्रवार से शुरू हुई है। उत्तराखंड परिवहन निगम के 12 डिपो की 50 बसों को चारधाम यात्रा में भेजने के साथ ही केमू बसों को भी रोटेशन में शामिल कर लिया है। काठगोदाम स्थित केमू मुख्यालय से 50 बसों को चारधाम यात्रा में भेजा जा रहा है। केमू प्रबंधन की तरफ से इन बसों के लिए ग्रीन कार्ड प्राप्त करने से पहले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
केमू के अध्यक्ष सुरेश सिंह डसीला ने बताया कि सरकार ने केमू बसों को इस बार चारधाम यात्रा के लिए रोटेशन में शामिल करके सम्मान दिया है। डसीला ने कहा कि इससे पूर्व चारधामा यात्रा पर वाहनों के कम पड़ने की स्थिति में या फिर दलालों द्वारा केमू बसों को जबर्दस्ती यात्रा में लगाया जाता था। केमू बसों के ग्रीन कार्ड के लिए जल्द ही आवेदन किये जाएंगे।
शुक्रवार से चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक आरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन मिलने शुरू नहीं हुए है। एआरटीओ (प्रशासन) संदीप वर्मा ने कहा कि एक दो दिन के भीतर ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन मिलने शुरू हो जाएंगे। वर्तमान में राज्य के सभी आरटीओ और एआरटीओ कार्यालयों में ग्रीन कार्ड बनाने की सुविधा है। चारधाम यात्रा के लिए बस चालक के पास ग्रीन कार्ड होना अनिवार्य है।