एडीबी की मनमानी लोगों पर भारी पड़ रही है। गौला हेड से शीतलाहाट को जाने वाली 14 इंच की नवनिर्मित लाइन का ज्वाइंट खुलने से काठगोदाम इलाके के दस हजार लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ा। बुधवार को भी लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी। ज्वाइंट टूटने के बाद एडीबी अधिकारियों ने मरम्मत के लिए कर्मियों को भेजा।
एशियन डेवलपमेंट बैंक ने गौला हेड से शीतलाहाट तक नौ सौ मीटर लंबी लाइन बिछाई थी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ज्वाइंट से रिसाव हो रहा था। लगातार एडीबी के अधिकारियों से ज्वाइंट रिपेयर कराने के लिए अनुरोध किया गया मगर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। सोमवार देर रात लीकेज ज्यादा होने लगा और पानी सड़क पर आने लगा।
उपाध्याय ने बताया कि ज्वाइंट खुल जाने से पानी फैलने लगा था और प्रेशर के साथ पानी फैलने के कारण लाइन बंद करानी पड़ी। लगभग दस हजार परिवार के लोगों को मंगलवार की शाम एक बूंद भी पानी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शाम से एडीबी ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया था। उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को भी काठगोदाम, कालटैक्स, नई बस्ती समेत अन्य क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुबह नहीं होगी।
ज्वाइंट खुलने के मामले को अधिकारियों को गंभीरता से लेना चाहिए था। इस मामले की पूरी जांच कराएंगे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
शनुगम, अपर सचिव शासन