नैनीताल। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि भाजपा की मंशा और सोच ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषणों में कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की बात कह चुके हैं और सत्ता में आने के बाद अब वह उन राज्यों को निशाना बना रहे हैं, जहां कांग्रेस की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का डीएनए इंट्रालरेंस का है और वह उसी दिशा में चल रही है।
प्रदेश की सियासी उथल पुथल के बाद बागी विधायकों की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका में सरकार की ओर से पैरवी करने पहुंचे वरिष्ठ वकील सिब्बल शुक्रवार को हाईकोर्ट से निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा और सोच दोनों ही ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभी कांग्रेस को निशाना बनाया है और इसके बाद अन्य दलों की बारी है।
सिब्बल ने कहा कि भाजपा ने अरुणाचल और हिमाचल में कांग्रेस सरकारों को निशाना बनाया और अब उत्तराखंड के साथ साथ मणिपुर में भी सरकार को गिराने की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का डीएनए इंट्रालरेंस का है।
भाजपा ने जेेएनयू और हैदराबाद में युवाओं को जेल भेजा। हैदराबाद विवि में छात्रों का खाना-पानी तक सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के एक विधायक ने ‘शक्तिमान’ पर अपनी ताकत दिखाकर साफ कर दिया कि भाजपा का डीएनए इंट्रालरेंस का है।
नैनीताल। बागी विधायकों की ओर से हाईकोर्ट में पैरवी कर रहे अधिवक्ता दिनेश द्विवेदी ने कहा कि मामले में अब सुप्रीम कोर्ट जाने का समय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हाईकोर्ट में दायर याचिका प्री मैच्युअर थी। हाईकोर्ट के आदेश को पढ़ने के बाद ही वह इस संबंध में कुछ कह सकेंगे। बागी विधायकों की ओर से भावी रणनीति के बावत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में तो राजनैतिक लोग ही कुछ बता सकते हैं।